त्योहार पर बिहार आने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर, सरकार की तरफ से चलेंगी 200 बसें, पढ़िए कब से मिलेगी सुविधा

पटना

बीपी डेस्क। दिवाली और छठ के मौके पर काफी संख्या में दूसरे राज्यों से लोग बिहार आते हैं. ऐसे में उनके लिए राहत भरी खबर है. दिल्ली-यूपी समेत 5 राज्यों के बीच स्पेशल बस चलाई जाएगी. त्योहार को देखते हुए टोटल 200 बसों का परिचालन किया जाएगा. बिहार राज्य परिवहन निगम की वेबसाइट पर ऑनलाइन टिकट बुकिंग की शुरुआत हो चुकी है. जानकारी के मुताबिक, स्पेशल बसों से सफर के लिए लोगों को ज्यादा इंतजार करने की जरुरत नहीं पड़ेगी. 10 अक्टूबर से ही बसों का परिचालन शुरू हो जाएगा.

इस तरह से दशहरा से पहले ही यात्रियों को राहत मिल जाएगी. बताया जा रहा है कि सरकार की तरफ से चलाई जाने वाली बसें पटना के बैरिया में बने पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, गांधी मैदान और फुलवारीशरीफ में रुकेंगी. इसके अलावा पटना में जीपीओ के पास बने मल्टी मॉडल हब में भी बसें रुकेंगी.बसों के परिचालन से पहले यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि बस से सफर के दौरान यात्रियों से मनमाना भाड़ा वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

बताया जा रहा है कि अगर कोई बस संचालक यात्री से मनमाना बस का किराया लेते हैं तो उन पर भारी भरकम जुर्माना लगाया जाएगा. इतना ही नहीं, उनका रजिस्ट्रेशन भी रद्द कर दिया जाएगा. परिवार विभाग की ओर से 10 अक्टूबर से चलने वाली स्पेशल बसों में जांच अभियान भी चलाया जाएगा.मिली जानकारी के अनुसार, शुरुआत में 5 राज्यों से बिहार के लिए बसें चलाई जायेंगी. इनमें दिल्ली से बिहार के लिए 40, बंगाल से 40, उत्तर प्रदेश से 60 और हरियाणा और झारखंड से बिहार के लिए 30-30 स्पेशल बसें चलाई जायेंगी.

परिवहन मंत्री की ओर से इसे लेकर जानकारी भी दी गई है. हर साल दिवाली और छठ के मौके पर बिहार आने वालों की संख्या लाखों में होती है. रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाती हैं. लेकिन इसके बावजूद ट्रेनों में भीड़भाड़ की स्थिति हो जाती है. कई बार यात्रियों को टिकट तक नहीं मिल पाता है. ऐसी स्थिति में स्पेशल बसों का परिचालन यात्रियों के लिए एक अच्छा ऑप्शन माना जा रहा है. कई यात्रियों को इससे राहत मिल सकेगी.