अस्पताल चौक से निकला मार्च, पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
Biharsharif: Avinash pandey। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को बिहारशरीफ में जिला एवं पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। डीएम उदिता सिंह और एसपी हृदयकांत के नेतृत्व में निकले मार्च में डीडीसी सारा अशरफ, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन सहित पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान शामिल हुए। मार्च के माध्यम से प्रशासन ने सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया।
फ्लैग मार्च अस्पताल चौक से शुरू होकर रांची रोड समेत शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
मार्च के दौरान डीएम ने शहर के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने पूजा समितियों को सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही, सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने और सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
डीएम और एसपी ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी तैनात रहेंगे। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पूजा समितियों से भी प्रशासन के निर्देशों का पालन कर विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा गया।
मौके पर एसडीओ किसलय श्रीवास्तव, एसडीपीओ अमरनाथ, लहेरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
