Biharsharif / Avinash pandey। लोक आस्था के महापर्व कार्तिक छठ पूजा 2026 को लेकर बिहारशरीफ नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार, 24 अक्टूबर को नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें निगम क्षेत्र के सभी 28 छठ घाटों पर साफ-सफाई, पहुंच पथों की मरम्मत, रोशनी, पेयजल, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया।
नगर आयुक्त ने सभी सुपरवाइजरों को छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों का आकलन कर दो दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। रिपोर्ट मिलने के बाद पहुंच पथों की मरम्मत कराई जाएगी। नगर प्रबंधक और स्वास्थ्य निरीक्षकों को खतरनाक घाटों की पहचान कर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
तकिया पर स्थित छठ घाट से गाद निकालकर स्वच्छ पानी भरने का निर्देश दिया गया। बाबा मणिराम अखाड़ा और शिवपुरी छठ घाट सहित अन्य आवश्यक घाटों पर भी नया पानी भरने को कहा गया। इसके अलावा घाटों की सीढ़ियों की सफाई, चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, जनरेटर से रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नगर निगम और स्मार्ट सिटी के तकनीकी कर्मी संयुक्त रूप से स्ट्रीट लाइट का सर्वे करेंगे। तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट तैयार कर खराब लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी। समीक्षा बैठक के बाद नगर आयुक्त ने इमादपुर, लोहगानी और टिकुली पर स्थित छठ घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नगर निगम क्षेत्र के सभी 28 छठ घाटों के नाम
- देवी स्थान तालाब, आशानगर (पानी टंकी के बगल में), वार्ड संख्या-06
- सूर्य मंदिर आशानगर छठ घाट, वार्ड संख्या-07
- आशानगर धोबी टोला छठ घाट, वार्ड संख्या-06
- बसारबिघा छठ घाट, वार्ड संख्या-08
- लोहगानी घाट, वार्ड संख्या-10
- बिहार क्लब छठ घाट, वार्ड संख्या-10
- इमादपुर छठ घाट, वार्ड संख्या-12
- रेलवे स्टेशन मिरदाद छठ घाट, वार्ड संख्या-14
- बियाबानी छठ घाट, वार्ड संख्या-20
- श्री सूर्य नारायण छठ घाट, देवीसराय छिलका पर, वार्ड संख्या-21
- बाजार समिति तालाब छठ घाट, वार्ड संख्या-21
- रामचंद्रपुर शिवपुरी छठ घाट, वार्ड संख्या-22
- मां तारा मंदिर विकास नगर तालाब, वार्ड संख्या-23
- धनेश्वर छठ घाट, वार्ड संख्या-26
- सकुनत कला सामुदायिक भवन तालाब छठ घाट, वार्ड संख्या-31
- बाबा मणिराम अखाड़ा छठ घाट, वार्ड संख्या-42
- देवी स्थान तालाब, पहड़पुरा, वार्ड संख्या-44
- पैरू महतो सोमरी कॉलेज के नजदीक छठ घाट, वार्ड संख्या-44
- सर्वोदय नगर नदी छठ घाट, वार्ड संख्या-47
- मघड़ा शीतला मंदिर छठ घाट, वार्ड संख्या-48
- मघड़ा नदी छठ घाट, वार्ड संख्या-48
- कोसुक नदी छठ घाट, वार्ड संख्या-49
- कोसुक नदी रविदास टोला छठ घाट, वार्ड संख्या-49
- सिपाह पुल के पास छठ घाट, वार्ड संख्या-49
- बिजवन पर छठ घाट, वार्ड संख्या-50
- कोसुक जेल गेट के पास छठ घाट, वार्ड संख्या-50
- लंगड़ी बिगहा छठ घाट, वार्ड संख्या-50
- महल तकिया पर स्थित छठ घाट, वार्ड संख्या-33
बैठक में उप नगर आयुक्त शम्स रजा, साकेश कुमार सिन्हा, नगर प्रबंधक त्रिपुरारी शरण संजय सहित संबंधित कर्मी और सुपरवाइजर उपस्थित रहे। नगर निगम की ओर से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
