नालंदा: सेंट जोसेफ एकेडमी में ‘Bounce Back’ पर हुआ सेमिनार

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : खंदकपर स्थित सेंट जोसेफ एकेडमी में बुधवार को कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘Bounce Back: A Kickstart with Positivity’ विषय पर विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तनाव, ओवरथिंकिंग, आत्मविश्वास की कमी, घबराहट, असुरक्षा और अकेलेपन जैसी चुनौतियों से बाहर निकलकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।

सेमिनार में मोटिवेटर एवं एजुकेशन प्रोफेशनल सौरभ बेनीवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में कठिनाइयां आना स्वाभाविक है, लेकिन चुनौतियों के बाद मजबूती से वापसी करना ही सफलता की पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा में अधिक सजग रहने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने, सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने, अनुशासन एवं आत्मनियंत्रण विकसित करने तथा आलोचनात्मक एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को असफलता या किसी कठिन परिस्थिति से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर दोबारा प्रयास करना चाहिए। हर छोटा सकारात्मक कदम भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जोसेफ टीटी ने कहा कि आज के दौर में विद्यार्थियों पर पढ़ाई के साथ-साथ कई तरह का मानसिक दबाव रहता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी भावनाओं को समझने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी तैयार किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मोटिवेशनल गतिविधियों में भाग लिया और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। सेमिनार ने विद्यार्थियों को ‘Live Positively, Lead Boldly और Become Your Best Self’ का संदेश दिया।