मोतिहारी, राजन दत्त। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर 31 अक्टूबर को मोतिहारी में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। 25 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद राधामोहन सिंह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि एनसीसी बिहार-झारखंड के एडीजी मेजर जनरल रविन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
- दो सत्रों में होगा आयोजन
कार्यक्रम के तहत सुबह 6:30 बजे यूनिटी मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च जिला स्कूल मैदान से शुरू होकर स्टेशन रोड होते हुए सरदार पटेल चौक पर समाप्त होगा।
इसके बाद सुबह 10:30 बजे राजाबाजार स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में मुख्य समारोह आयोजित होगा।
- 1500 कैडेट देंगे एकता का संदेश
आयोजकों के अनुसार समारोह में बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से आए लगभग 1500 एनसीसी कैडेट भाग लेंगे। कैडेट देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।
कार्यक्रम में सांसद राधामोहन सिंह युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी और एकता के लिए प्रेरित करेंगे।
गौरतलब है कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से 562 रियासतों का विलय कराकर अखंड भारत का निर्माण किया था। राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य उन्हीं के योगदान को याद करते हुए युवाओं में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध को मजबूत करना है।
एनसीसी बटालियन ने शहर के सभी नागरिकों और युवाओं से यूनिटी मार्च और मुख्य समारोह में शामिल होने की अपील की है।
