Bihar Politics : मंत्री संतोष कुमार सुमन ने तेजस्वी यादव पर बोला तीखा, नेता प्रतिपक्ष को जंगलराज पार्ट-2 का युवराज बताया

गया

पुरुषोत्तम कुमार। बिहार कैबिनेट विस्तार के बाद पहली बार गया पहुंचे मंत्री संतोष कुमार सुमन ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने तेजस्वी यादव के बारे में कहा कि जब से हाफ पैंट पहनना शुरू किया था, तब से हम जमीन से जुड़कर राजनीति कर रहे हैं, वे जंगलराज पार्ट-2 के युवराज हैं. गया पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया. फूल-माला और नारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया.

इसके बाद वह सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष पर निशाना साधा. संतोष सुमन ने कहा कि बिहार की जनता अब पहले जैसी नहीं रही. लोग सब समझते हैं और उन्हें पता है कि किस दौर में राज्य अपराध और भय के माहौल में था. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में बिहार बदनाम हुआ, वे अब फिर सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं.

उन्होंने दावा किया कि जनता ने हाल के चुनाव में राजद को 25 सीटों पर समेटकर अपना जवाब पहले ही दे दिया है. मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव को राजनीति, प्रशासन और संविधान की समझ नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राबड़ी देवी को सीधे रसोई से मुख्यमंत्री बना दिया गया और तेजस्वी यादव को भी बिना लंबे राजनीतिक संघर्ष के उपमुख्यमंत्री बनने का मौका मिला.

उन्होंने कहा कि आज वही लोग नीतीश कुमार पर सवाल उठा रहे हैं, जिन्होंने उन्हें राजनीतिक पहचान दी. परिवारवाद के मुद्दे पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब विकास चाहती है, सिर्फ परिवार की राजनीति नहीं. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार राज्य को नई ऊंचाई देने के लिए काम कर रही है. संतोष सुमन ने कहा कि विपक्ष के पास अब केवल आरोप और बयानबाजी की राजनीति बची है, जबकि सरकार विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है.