Biharsharif/ Avinash pandey। दीपनगर थाना क्षेत्र के बियाबानी गांव के पास रविवार की सुबह जिउतिया पर्व के पारण के दौरान पंचाने नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश कुमार के पुत्र मोहित कुमार के रूप में हुई है। मोहित छठी कक्षा का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, मोहित की मां ने जिउतिया का व्रत रखा था। रविवार की सुबह पारण अनुष्ठान के लिए वह पंचाने नदी में स्नान करने गई थीं। मोहित भी अपनी मां के पीछे-पीछे नदी घाट पर पहुंच गया। स्नान करने के दौरान अचानक उसका पैर गहरे पानी में चला गया और वह डूबने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोहित ने हाथ उठाकर बचाने का इशारा किया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया।
स्थानीय लोगों ने करीब 15 से 20 मिनट तक नदी में खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद मोहित को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गई। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मोहित दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। घटना की सूचना मिलते ही दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
