लखनऊ/कानपुर, भूपेंद्र सिंह। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर होने वाला मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच टक्कर नहीं, बल्कि एक संभावित ऐतिहासिक पल का गवाह भी बन सकता है। लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच गुरुवार को होने वाले इस मैच में सभी निगाहें विराट कोहली पर टिकी रहेंगी।कोहली इस मुकाबले में एक बड़े व्यक्तिगत मुकाम के बेहद करीब हैं।
टी20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे करने के लिए उन्हें सिर्फ 78 रनों की जरूरत है। यदि वह यह आंकड़ा हासिल कर लेते हैं, तो इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे और विश्व क्रिकेट के चुनिंदा दिग्गजों की सूची में शामिल हो जाएंगे।यही नहीं, यह मैच उनके लिए एक और खास रिकॉर्ड लेकर आ सकता है।
कोहली आईपीएल में अपना 277वां मुकाबला खेलते ही रोहित शर्मा की बराबरी कर लेंगे और महेंद्र सिंह धोनी के सर्वाधिक मैचों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच जाएंगे।मेजबान टीम की कमान ऋषभ पन्त के हाथों में है और लखनऊ की टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर चुनौती देने के इरादे से उतरेगी।
हालांकि, मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा कोहली के इर्द-गिर्द ही घूमती नजर आ रही है। उनकी हालिया फॉर्म को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि वह इस बड़े मंच पर अपने बल्ले से एक और ऐतिहासिक अध्याय लिख सकते हैं।वहीं रजत पाटीदार की कप्तानी में बेंगलुरु की टीम इस मुकाबले को जीतकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।
टीम प्रबंधन और प्रशंसकों दोनों की नजर इस बात पर होगी कि जीत के साथ कोहली का रिकॉर्ड भी बन जाए।इस मुकाबले में सिर्फ अंक तालिका की जंग नहीं, बल्कि रिकॉर्ड, दबाव और विरासत का अनोखा संगम देखने को मिलेगा, जो इसे सीजन के सबसे चर्चित मैचों में से एक बना देता है।
