पूजा पंडालों से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक रहेगी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की नजर
Biharsharif /Avinash pandey। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को तेलमर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने की। इसमें सदर एसडीपीओ-2 राकेश रंजन कुमार सहित पूजा समितियों के सदस्य, डीजे संचालक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा पंडालों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सभी समुदायों के लोग आपसी सौहार्द बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। डीजे संचालकों को भी निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया।
कई गांवों में पुलिस की रहेगी निगरानी
बैठक में बताया गया कि तेलमर थाना क्षेत्र के तेलमर, ललुआडीह, बेजापति, जीवनपुर, जगतपुर, सोराडीह, भेड़िया, विरेयापर, बेढ़ना, गोसाईमठ, न्याखंदा, मोहनखंदा, काजीपुर, भोजपुर, पाकड़, मुस्ताफापुर, नूरनगर, छिड़ली, वनगच्छा, पनपनमा और हृदनबिगहा समेत अन्य गांवों में पुलिस की निगरानी रहेगी। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क रहेगी।
विसर्जन जुलूस को लेकर भी दिए गए निर्देश
बैठक में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस के मार्ग और यातायात व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों से विसर्जन के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और पुलिस को सहयोग देने की अपील की, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से दुर्गा पूजा को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
