West Bengal Election 2026 : बंगाल में दोपहर 3 बजे तक 78.68% मतदान, TMC का आरोप- सुरक्षाकर्मियों ने दिया धक्का

पश्चिम बंगाल

बीपी डेस्क। पश्चिम बंगाल में हाई-वोल्टेज राजनीतिक मुकाबला अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. बुधवार को दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग हो रही है, जिसमें 294 में से 142 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ. सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर है.

बीजेपी राज्य में पहली बार सरकार बनाने की कोशिश में है. हालांकि कांग्रेस और CPI(M) भी मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से TMC बनाम बीजेपी ही माना जा रहा है. पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 93.17% वोटिंग दर्ज की गई. अब उम्मीद की जा रही है कि दूसरे चरण में भी इतनी ही ज्यादा वोटिंग हो सकती है.

ज्यादा वोटिंग के चलते TMC और बीजेपी दोनों ही अपने पक्ष में माहौल बनने का दावा कर रहे हैं. अंतिम चरण में दक्षिण बंगाल की सीटों पर वोटिंग हो रही है, जहां पिछले 15 साल से TMC का दबदबा रहा है. 2021 के चुनाव में बीजेपी ने उत्तर बंगाल में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन दक्षिण बंगाल में उसे ज्यादा सफलता नहीं मिली थी. यहां 77 सीटों में से बीजेपी सिर्फ 18 सीटें ही जीत पाई थी.

बलरामपुर में बुजुर्ग की मौत का दावा

उदयनारायणपुर खोसलपुर ग्राम पंचायत के बलरामपुर प्राथमिक विद्यालय के बूथ नंबर 245 पर केंद्रीय बलों द्वारा धक्का दिए जाने के बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक का नाम पूर्ण चंद्र डोलुई (81) है.

तृणमूल का दावा है कि बुजुर्ग व्यक्ति अपने बेटे के साथ मतदान करने बूथ पर गए थे, लेकिन बेटे को बूथ में प्रवेश नहीं करने दिया गया. 81 वर्षीय व्यक्ति को अकेले मतदान करने के लिए मजबूर किया गया था, लेकिन जब वह मतदान केंद्र से देर से निकला, तो कथित तौर पर केंद्रीय सेना के एक जवान ने उसे धक्का दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई.

टीएमसी उम्मीदवार ने लगाए कई आरोप

TMC नेता और श्यामपुकुर सीट से उम्मीदवार डॉ. शशि पांजा ने कहा कि मेरे क्षेत्र में वोटिंग बहुत अच्छे से चल रही है. हमने देखा कि हमारे इलाके में विपक्षी पार्टी के एजेंट कई जगहों पर हंगामा करने की कोशिश कर रहे थे.

वे अलग-अलग बूथों पर जाकर ऐसा माहौल बना रहे थे जिससे वोटिंग की प्रक्रिया धीमी हो जाए या फिर रुक ही जाए. ऐसे कई लोग हैं जिन्हें इस बार वोट डालने का मौका नहीं मिला. विपक्षी उम्मीदवार का बर्ताव, उनके लोगों का अलग-अलग जगहों पर इकट्ठा होना और फिर पुलिस का आकर लाठीचार्ज करना, जिससे दूसरी पार्टियों के सदस्यों को चोट लगी। यह सब बिल्कुल गैर-ज़रूरी था.

सीएम ममता ने उठाए सवाल

भवानीपुर से टीएमसी कैंडिडेट सीएम ममता बनर्जी ने वोट डालने के बाद कहा कि कुछ लोग बॉर्डर बचाने के बजाय पार्टी बचाने पर लगे हैं. केंद्री बल टॉर्चर नहीं कर सकते हैं. क्या यही निष्पक्ष चुनाव है. मैंने लोकतंत्र में कभी ऐसा नहीं देखा.

कहां कितने प्रतिशत मतदान?
पूर्वी बर्दवान में दोपहर 3 बजे तक 83.11% वोटिंग
नॉर्थ 24 परगना में 3 बजे तक 77.39% वोटिंग
साउथ 24 परगना में 3 बजे तक 76.75% वोटिंग
कोलकाता साउथ में 3 बजे तक 75.38% वोटिंग
कोलकाता नॉर्थ में 3 बजे तक 78% वोटिंग
हुगली में दोपहर 3 बजे तक 80.77% मतदान

वहीं बंगाल में दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है. दोपहर तीन बजे तक के मतदान के आंकड़े सामने आए हैं. बंगाल में दोपहर 3 बजे तक 78.68% मतदान हुआ है.