अस्थावां के ओन्दा पंचायत पहुंचे सांसद, तटबंध की मरम्मती को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा में लगातार बारिश और जलजमाव के बीच जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अस्थावां प्रखंड के ओन्दा पंचायत पहुंचकर जलमग्न इलाकों का जायजा लिया। सांसद ने मोटर बोट के सहारे प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय स्थिति को करीब से देखा और लोगों की समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान सांसद ने तटबंध की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तटबंध की मरम्मती एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों को लेकर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि जलमग्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम, एसपी, डीडीसी, एसडीएम, बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष समेत प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी जलमग्न क्षेत्रों की स्थिति और तटबंध से जुड़े हालात की जानकारी सांसद को दी।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अधिकारियों से प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने तथा जलनिकासी की व्यवस्था पर भी ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि जलमग्न इलाकों में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहे और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं सांसद और अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रशासन की टीम ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और जरूरत के अनुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
