बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन (अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ) मंदिर द्वारा आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्री जगन्नाथ जी की आरती करने के पश्चात् रथ यात्रा मार्ग में स्वयं झाडू लगाया और रथ की रस्सी खींचकर भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा की शुरुआत की। इस्कॉन मंदिर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष श्री रमन मनोहर दास ने मुख्यमंत्री को पुष्पमाला पहनाकर एवं अंगवस्त्र तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री इसके पश्चात् गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी पहुँचकर बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद द्वारा आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्री जगन्नाथ जी की आरती की, रथ यात्रा मार्ग में स्वयं झाडू लगाया तथा रथ की रस्सी खींचकर भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष श्री रणवीर नंदन ने मुख्यमंत्री को पुष्पमाला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधान सभा के सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री अशोक चौधरी, उच्च शिक्षा सह विधि मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक श्री संजय सरावगी, विधायक श्री संजीव चौरसिया, विधायक श्री रत्नेश कुशवाहा, विधायक श्री श्याम रजक, अन्य जनप्रतिनिधिगण, बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष श्री रणवीर नंदन, इस्कॉन मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य श्री राधापति चरण दास, बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य श्री शायन कुणाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
