पटना में बदल गई सभी स्कूलों की टाइमिंग, डीएम ने जारी किया आदेश

पटना

बीपी डेस्क। बिहार में ठंड का असर जारी है। कड़ाके की ठंड से तो लोगों को राहत मिली है लेकिन अब भी ठंड का असर बना हुआ है। पटना में लगातार गिरते तापमान और भीषण शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है।

पटना के जिला पदाधिकारी (DM) डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। पटना डीएम के आदेश के अनुसार, पटना जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूल (प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित) सुबह 09:00 बजे के पहले संचालित नहीं किए जाएंगे।

यह नया नियम आज यानी 21 जनवरी 2026 से लागू होगा और 24 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। यह आदेश ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023’ की धारा-163 के तहत जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में पड़ रही अत्यधिक ठंड और कम तापमान के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और उनके जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है।

इसी जोखिम को कम करने के लिए स्कूलों के समय को पुनर्निर्धारित करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय प्रबंधन को इस आदेश के अनुरूप अपनी शैक्षणिक गतिविधियों का समय बदलना अनिवार्य होगा।

इसकी प्रतिलिपि जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, शिक्षा अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को भेज दी गई है ताकि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *