बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बाबा मणिराम अखाड़ा समाधि स्थल पर शनिवार को बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार एवं नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने श्रद्धापूर्वक लंगोट अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान दोनों नेताओं ने राज्य में सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना करते हुए बाबा मणिराम का आशीर्वाद लिया। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि “बाबा मणिराम की समाधि नालंदा ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार की आस्था का प्रमुख केंद्र है।”

उन्होंने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए लंगोट अर्पित करते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दीर्घायु, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की भी कामना की। साथ ही कहा कि बाबा मणिराम लोककल्याण, सामाजिक समरसता और भाईचारे के प्रतीक हैं तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर ही विकसित बिहार का सपना साकार किया जा सकता है।
सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने बाबा मणिराम मंदिर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां प्रसाद के रूप में लंगोट अर्पित करने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर यहां पहुंचते हैं और बाबा के आशीर्वाद से उनकी इच्छाएं पूरी होने की मान्यता है।
उन्होंने इस धार्मिक विरासत को संरक्षित रखने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।इस अवसर पर जिला प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, युवा जदयू अध्यक्ष धीरज पटेल, छात्र जदयू अध्यक्ष सन्नी पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
