नालंदा : अरौत पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा, छह लोग गंभीर

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बख्तियारपुर- बिहारशरीफ एनएच-20 पर वेना थाना क्षेत्र के अरौत पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार को तेज रफ्तार ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया। हादसे में ऑटो चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दो युवक ऑटो व ट्रक के बीच फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही वेना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। वहीं, ऑटो और ट्रक के बीच फंसे दो युवकों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायलों की पहचान अंजनी कुमारी, पति प्रदीप कुमार; सोनू कुमार, पिता अशोक कुमार; आकाश कुमार, पिता अशोक कुमार, दोनों निवासी भरावपर मोहल्ला, लहेरी थाना क्षेत्र; सोनू कुमार, पिता अमरकांत सिंह; रीना देवी, पति प्रमोद सिंह, निवासी नैनी गांव तथा ऑटो चालक के रूप में हुई है। सभी घायलों को पुलिस वाहन से इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि हादसा काफी गंभीर था और दो युवक ऑटो तथा ट्रक के बीच बुरी तरह फंस गए थे। समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू नहीं किया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया। हादसे के बाद एनएच-20 पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।