नालंदा: अनुशासित व्यवस्था पर बिहारशरीफ मंडलकारा, डीएम एसपी के नेतृत्व में जेल में छापेमारी, अंदर सब कुछ मिला सामान्य

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : 17 अप्रैल 2026 की सुबह जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के नेतृत्व में बिहार शरीफ मंडलकारा में छापेमारी की गई। इस छापेमारी से बंदियों में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। छापेमारी के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की उपस्थिति थी।

खबर है कि इस छापेमारी में किसी तरह का कोई भी आपत्ति जनित सामान अंदर से नहीं मिला अंदर की व्यवस्था सब कुछ सामान्य थी।जेल परिसर में यह कार्रवाई उस वक्त शुरू हुई जब सुबह के ठीक चार बजे बंदी अपने-अपने वार्ड में सो रहे थे।

उसी समय जिले के वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की टुकड़ियां जेल के भीतर दाखिल हुईं और एक-एक वार्ड की बारीकी से तलाशी लेनी शुरू कर दी। अचानक हुई इस दस्तक से जेल कर्मियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

लगभग तीन घंटे तक चली इस कवायद के बीच करीब साढ़े छह बजे स्वयं डीएम और एसपी भी मंडल कारा पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लगभग 20 मिनट तक जेल के भीतर रहने के बाद दोनों शीर्ष अधिकारी वहां से रवाना हो गए।

मीडिया ने बरामदगी को लेकर अधिकारियों से सवाल किए, तो उन्होंने फिलहाल कुछ भी बोलने से परहेज किया और सीधे अपनी गाड़ी में बैठकर निकल गए। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 100 से अधिक पुलिस जवानों की मौजूदगी में चली

इस सघन तलाशी के दौरान जेल के भीतर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है। छापेमारी में एडीएम, सदर एसडीओ, अपर पुलिस अधीक्षक समेत साइबर, लॉ एंड ऑर्डर, हेडक्वार्टर और सुरक्षा डीएसपी जैसे कई वरीय अधिकारी शामिल थे।