नालंदा: तेल्हाड़ा लूटकांड का 5 घंटे में खुलासा, तीन गिरफ्तार

नालंदा

— लूटे गए 10 हजार रुपये, दो एटीएम कार्ड और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज पांच घंटे के अंदर सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए 10 हजार रुपये, दो एटीएम कार्ड तथा घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को मानसिंगपुर निवासी नितीश कुमार, पिता पुरुष रविदास के लिखित आवेदन के आधार पर तेल्हाड़ा थाना कांड दर्ज कराया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। ग्रामीणों एवं स्थानीय चौकीदार की पहचान के आधार पर पुलिस ने मनोहर बिगहा गांव में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार (18), पिता संतोष प्रसाद, संजीव कुमार (20), पिता किशोरी प्रसाद और आकाश कुमार उर्फ जौमी दादा (24), पिता स्व. वीरेंद्र प्रसाद, सभी ग्राम मनोहर बिगहा, थाना तेल्हाड़ा, जिला नालंदा के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से वादी से लूटे गए 10 हजार रुपये और दो एटीएम कार्ड बरामद किए।

वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। छापेमारी टीम में पुअनि सह थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू, पुअनि अनिकेश कुमार बिट्टू, पुअनि विजय कुमार एवं तेल्हाड़ा थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।