सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दिया आदेश, सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की होगी जांच

मुंबई

सेंट्रल डेस्क। महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने SAD चीफ और पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जांच के आदेश दिए हैं. बादल पर गुरुवार (13 अगस्त) को महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला किया गया. पुलिस ने बताया कि बादल पर एक गुरुद्वारे के पास हमला किया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक वायरल वीडियो में बादल को एक इमारत के अंदर जाते हुए देखा जा सकता है और उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ है.

इससे पहले दिन में, बादल अकाली दल की सांसद एवं अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब गए थे. मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना के आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने पुलिस को यह पता लगाने के निर्देश दिए हैं कि आरोपी ने किस मकसद से सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद सुखबीर सिंह बादल को फोन कर उनकी तबीयत का हाल भी जाना. जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल की हालत ठीक है.

शिरोमणी अकाली दल के उपाध्यक्ष संजीव तलवार ने कहा कि बादल की एक ऐसा नेता है जो पंजाब और पंजाबियत की बात करते हैं. ये हमला सुखबीर बादल पर नहीं है, ये पंजाब की एकता और अखंडता पर हमला है. जब अमृतसर में उनके ऊपर हमला हुआ था (4 दिसंबर 2024 को), वो सीधा सरकार और सरकार की एजेंसियों द्वारा सुनियोजित था. उसमें कई अधिकारियों के भी नाम आए. लेकिन सरकार ने कुछ नहीं किया.

जिसके पास जेड प्लस सिक्योरिटी और उसके ऊपर ऐसा हमला हो जाए तो कहीं न कहीं सुरक्षा की चूक तो मानी ही जाएगी. सुखबीर बादल पर हमला करने वाले आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है. उसने कृपाण से अकाली चीफ पर हमला कर दिया. पूछताछ में उसने बताया कि उसे लगा और उसने हमला कर दिया.