राजगीर में भारत-न्यूजीलैंड U20 रग्बी सीरीज का आगाज, बिहार के सात खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें

बिहारशरीफ

Biharsharif/ Avinash pandey। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ऐतिहासिक भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 रग्बी सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। 23 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस सीरीज के तहत दोनों देशों के युवा खिलाड़ी खेल के मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। भारतीय पुरुष एवं महिला टीमों में बिहार के सात खिलाड़ियों को जगह मिली है।

भारतीय अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमें और न्यूजीलैंड की टीमें राजगीर पहुंच चुकी हैं। इस दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी संयुक्त प्रशिक्षण सत्रों में हिस्सा लेने के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी करेंगे। सीरीज के मुख्य मुकाबले 27 अक्टूबर को राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। कार्यक्रम में पुरुष एवं महिला टीमों के मुकाबलों के अलावा दो मिक्स्ड मैच होंगे, जिनमें दोनों देशों के खिलाड़ी मिलकर टीमें बनाएंगे।

भारतीय पुरुष टीम में अजीत नाग, अमन, अरुण प्रजापति, बजरंगी कुमार, भरत किसान, विद्याधर माझी, चरण हेम्ब्रम, नमन यादव, प्रणव गावित, पुष्पेंद्र, राहुल माझी, राजन रावत, रोहित कुमार, सागर प्रकाश, शिवम और सुभाष हांसदा शामिल हैं।

महिला टीम में अक्षया एन.एस., अल्पना कुमारी, अनीता मुर्मू, अनुष्का सांकल, आरती कुमारी, ब्यूटी कुमारी, दीपाली ताथे, खुशी देवी, कीर्ति जाधव, अदिति लोंढे, मामाली सिंह, रायमानी मुर्मू, सलोनी कुमारी, समृद्धि कदम, सुमित्रा मुर्मू और तनुश्री भोसले को शामिल किया गया है।

बिहार के खिलाड़ियों में पुरुष टीम से बजरंगी कुमार, रोहित कुमार और सागर प्रकाश, जबकि महिला टीम से अल्पना कुमारी, आरती कुमारी, ब्यूटी कुमारी और सलोनी कुमारी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।

न्यूजीलैंड की पुरुष टीम तामा तोआ और महिला टीम हिने तोआ में 24 युवा माओरी खिलाड़ी शामिल हैं। यह न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीमों का इस तरह की सीरीज के लिए पहला भारत दौरा है। इस आयोजन से राजगीर और बिहार में अंतरराष्ट्रीय रग्बी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।