बिहार बंद में AK-47 से फायरिंग पर गरमाई सियासत, पप्पू यादव बोले- “क्या हमारे बच्चे आतंकवादी हैं?

पटना

बीपी डेस्क। बिहार में 25 जुलाई को नीट परीक्षा और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के लिए बुलाए गए बंद के दौरान सिवान में खूब बला हुआ था। इस दौरान सिपाही अभिषेक कुमार पटेल ने भीड़ पर एके-47 से फायरिंग की थी। वहीं आज इस मामले को लेकर विपक्ष ने संसद भवन में सरकार को घेरा। वहीं बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, “क्या हमारे बच्चे आतंकवादी हैं? क्या हमारी बेटी अपराधी है? क्या अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना गलत है? अब तक बिहार में 800 बच्चों को जेल भेजा जा चुका है।

दहशत का माहौल बना दिया गया है।” इस दौरान पप्पू यादव अपने हाथ अपनी मांगों के साथ एक बैनर लिए हुए नजर आए। पप्पू यादव ने आगे सवाल उठाके हुए कहा कि, “क्या क्या आप रात रात भर बच्चों के परिवार को परेशान करेंगे? क्या आप बच्चों पर एके-47 चलाएंगे? पटना में माले के सहित 300 लोगों को आप जेल भेज देंगे?

बिहार में अभी तक 800 बच्चों को जेल भेज दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि, ” बिहार में आतंक का माहौल पैदा किया जा रहा है। पटना पुलिस बच्चों के साथ आतंकवादी जैसा व्यवहार कर रही है। हमारे सामने अब करो या मरो की स्थिति है।” बता दें कि जब इस मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर एके 47 से फायरिंग करने वाले सिपाही अभिषेक कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।