बिहारशरीफ में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बिहारशरीफ में देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासियों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा की शुरुआत श्रम कल्याण केंद्र मैदान, बिहारशरीफ से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोग शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कारगिल मोड़ पहुंचे।

यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से गूंजता रहा। तिरंगा यात्रा में युवाओं और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए। हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति गीतों ने पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। सड़क किनारे मौजूद लोगों ने भी यात्रा का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की शान, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बिहारशरीफ में भी लोगों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लेकर देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अधिक से अधिक लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ने की अपील की।