नालंदा : तेलमर थाना पुलिस ने स्कूलों में चलाया साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश तथा नालंदा पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मंगलवार को “साइबर मंगलवार” अभियान के तहत तेलमर थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अभियान के तहत पुलिस टीम उच्च विद्यालय सौराडीह, उच्च विद्यालय तेलमर, उच्च विद्यालय पाकड़, मध्य विद्यालय तेलमर, मध्य विद्यालय सौराडीह, मध्य विद्यालय पाकड़ तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय ललुआडीह पहुंची। यहां विद्यालय के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

वहीं हरनौत बाजार के गोनावा रोड स्थित आरपीएस कॉलेज के स्वागत भवन में आयोजित कार्यक्रम में सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लोन फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ठगी, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने तथा यूपीआई पिन, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी दी। छात्रों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाता संख्या, सीवीवी या यूपीआई पिन साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का प्रयास हो तो घबराने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों को इसकी जानकारी दें और तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।

तेलमर थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि “साइबर मंगलवार” अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।