शौच के लिए घर से निकली थी किशोरी, अचानक गहरे पानी में गिरने से हुआ हादसा
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : रहुई थाना क्षेत्र के उत्तरनावां गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय मूक-बधिर किशोरी की पोखर में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी कृष्णा पासवान की पुत्री मिनता कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, मिनता शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान वह अचानक पोखर में गिर गई और गहरे पानी में डूब गई। मूक-बधिर होने के कारण वह मदद के लिए आवाज नहीं लगा सकी, जिसके चलते समय पर किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी और उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किशोरी को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया सरयू प्रसाद सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
रहुई थाना प्रभारी ललित विजय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में भी शोक का माहौल है।
