Sasaram News : DM रात में पहुचें सदर अस्पताल, मरीजों से जाना इलाज का हाल

सासाराम

सदर अस्पताल सासाराम में औचक निरीक्षण कर डीएम ने परखी स्वास्थ्य सुविधाएं, रोस्टर और दवा व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

सासाराम /अरविन्द कुमार सिंह। जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने गुरुवार की देर रात सदर अस्पताल, सासाराम का औचक निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सकीय सेवाओं का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी का यह निरीक्षण विशेष रूप से रात के समय अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और गरीब परिवारों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मॉडल अस्पताल, इमरजेंसी कक्ष, मातृ-शिशु वार्ड समेत विभिन्न विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली तथा मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, जांच, दवा और अन्य सुविधाओं के संबंध में उनकी समस्याएं जानीं।

जिला पदाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें इलाज, जांच तथा दवाओं की सुविधा समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।

डीएम ने तीनों शिफ्ट के अनुसार चिकित्सकों और डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। साथ ही अवकाश पर रहने वाले चिकित्सकों के स्थान पर ड्यूटी करने वाले चिकित्सक का नाम भी रोस्टर में अंकित करने को कहा, ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक की स्पष्ट जानकारी मिल सके।

दवा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके उचित रख-रखाव का निर्देश दिया। अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर डीपीएम जीविका को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं परिसर में ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
रात्रि में अचानक अस्पताल पहुंचकर मरीजों से सीधे संवाद करने की जिला पदाधिकारी की पहल से अस्पताल प्रबंधन में भी सक्रियता बढ़ी है।

निरीक्षण का उद्देश्य केवल व्यवस्थाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि आम मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासनिक सुधार सुनिश्चित करना रहा।निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पुष्कर कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।