Biharsharif/ Avinash pandey। पंडित गली स्थित मां मंगला गौरी धाम में कन्या पूजन के साथ सामूहिक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में नालंदा जिले के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालुओं ने मां मंगला गौरी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
आयोजन के दौरान विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। कन्याओं को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद सामूहिक भंडारे में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
मंदिर के पुजारी दीपक पांडे ने बताया कि मां मंगला गौरी धाम में धार्मिक परंपराओं के निर्वहन और श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से कन्या पूजन एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है।
आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने मां मंगला गौरी का आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंधन की ओर से आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
