नालंदा : दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका

नालंदा बिहारशरीफ

मारपीट के बाद भाग रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सिर में दो और पैर में एक गोली लगी

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के सेरथुआ खुर्द गांव में सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और जब वह जान बचाकर भागने लगा तो उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिर में दो और पैर में एक गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान सेरथुआ खुर्द गांव निवासी देवनंदन पासवान के 26 वर्षीय पुत्र सूरज पासवान उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर भूमि विवाद को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

परिजनों के अनुसार, सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे सूरज पासवान पत्ती बिगहा गांव से ट्रैक्टर लाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में पहले से घात लगाए गांव के ही आठ-दस लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। किसी तरह वह जान बचाकर भागने लगा तो आरोपितों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक सभी आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही खुदागंज थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार गहलौत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को इस्लामपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।