‘स्थायी प्रभाव वाले सेवा कार्य करें’ : डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग

नालंदा बिहारशरीफ

रोटरी क्लब बिहारशरीफ का 48वां अधिष्ठापन समारोह एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का आधिकारिक भ्रमण संपन्न

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : रोटरी क्लब बिहारशरीफ का 48वां अधिष्ठापन समारोह एवं रोटरी वर्ष 2026-27 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग का आधिकारिक भ्रमण शनिवार को सेवा, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों के संदेश के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। दिनभर चले विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का समापन होटल ममता इंटरनेशनल में आयोजित भव्य अधिष्ठापन समारोह के साथ हुआ, जिसमें रोटरी परिवार, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं शहर के गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

समारोह की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग थीं। विशिष्ट अतिथियों में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी (डीजीएन) रोटेरियन डॉ. अजय कुमार, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (पीडीजी) रोटेरियन संदीप नारंग तथा जोन-10 के सहायक गवर्नर रोटेरियन डॉ. जोसफ टी.टी. शामिल थे। इस अवसर पर रोटेरियन नीरजा कुमारी ने रोटरी क्लब बिहारशरीफ की अध्यक्ष तथा रोटेरियन धीरज कुमार ने सचिव पद की जिम्मेदारी संभाली। निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. आशुतोष कुमार ने रोटरी परंपरा के अनुसार अध्यक्षीय कॉलर एवं रोटरी माला पहनाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष को दायित्व सौंपा तथा सचिव का अधिष्ठापन कराया।

अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने कहा कि रोटरी की प्रत्येक सेवा परियोजना का समाज पर दीर्घकालिक एवं स्थायी प्रभाव होना चाहिए। उन्होंने क्लबों से रोटरी के सात फोकस क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने, सदस्यता बढ़ाने तथा रोटरी फाउंडेशन को अधिक से अधिक सहयोग देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन में दिया गया प्रत्येक योगदान समाज सेवा की परियोजनाओं के रूप में वापस आता है। बिहारशरीफ में स्थापित डायलिसिस सेंटर इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने सेवा कार्यों के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर भी बल देते हुए कहा कि पोलियो उन्मूलन में रोटरी का ऐतिहासिक योगदान पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है। विशिष्ट अतिथि डीजीएन डॉ. अजय कुमार ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, पॉजिटिव हेल्थ तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

इससे पूर्व सुबह कोसुक स्थित सनबीम सेंट्रल स्कूल में वृक्षारोपण एवं रोटरी प्रतीक चिन्ह का अनावरण किया गया। इसी दौरान स्कूल में इंटरैक्ट क्लब की शुरुआत भी की गई। इसके बाद मध्य विद्यालय, पतासंग में रोटरी क्लब बिहारशरीफ द्वारा स्थापित सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन एवं वाटर वॉश बेसिन स्टेशन का उद्घाटन किया गया। क्लब अध्यक्ष नीरजा कुमारी ने विद्यालय को हैप्पी स्कूल परियोजना के तहत अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।

सायंकाल आयोजित अधिष्ठापन समारोह का शुभारंभ सनबीम सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान एवं सांस्कृतिक नृत्य से हुआ। निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वर्ष 2025-26 में क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सेवा परियोजनाओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और कहा कि रोटरी क्लब बिहारशरीफ सदैव समाजहित के कार्यों के लिए समर्पित रहा है।

समारोह के दौरान रोटेरियन डॉ. पुष्पलता विद्यार्थी द्वारा संपादित स्मारिका का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन डॉ. अविनाश कुमार सत्यम एवं रोटेरियन तनु रस्तोगी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोटेरियन शोभा रानी, रोटेरियन सुधा राणा एवं कोषाध्यक्ष रोटेरियन अनुज राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में रोटेरियन दिलीप कुमार ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

समारोह में रोटरी क्लब बिहारशरीफ के अलावा रोटरी क्लब तथागत, रोटरी क्लब नालंदा, रोटरी क्लब शेखपुरा, रोटरी क्लब नवादा, लायंस क्लब बिहारशरीफ, लायंस क्लब नालंदा, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बिहारशरीफ, इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ, बार एसोसिएशन बिहारशरीफ, हरियाली मिशन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दिनभर आयोजित सेवा परियोजनाओं एवं भव्य अधिष्ठापन समारोह ने यह संदेश दिया कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव और समाज में स्थायी सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक सशक्त जनआंदोलन है।