शहर की सफाई को लेकर 24 अगस्त से चलेगा विशेष अभियान, खराब हाईमास्ट लाइट 15 दिनों में होंगी दुरुस्त

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की बैठक शनिवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर अनीता देवी की अध्यक्षता में हुई। दोपहर दो बजे आयोजित बैठक में नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन समेत समिति के सदस्य, नगर प्रबंधक साकेश कुमार सिन्हा एवं त्रिपुरारी शरण संजय, सहायक लोक अपशिष्ट स्वच्छता पदाधिकारी कुंदन कुमार एवं विनय कुमार सहित संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था समेत विभिन्न जनसुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साफ-सफाई की समीक्षा के दौरान समिति के सदस्यों ने शहर में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया। अभियान की शुरुआत 24 अगस्त से की जाएगी। इसके तहत शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र में खराब पड़े सभी हाईमास्ट लाइटों की आवश्यक मरम्मत कराकर 15 दिनों के अंदर उन्हें चालू कराने का निर्देश दिया गया। इससे रात के समय शहर के प्रमुख स्थानों और सार्वजनिक क्षेत्रों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र के सभी व्यवसायियों को ट्रेड लाइसेंस उपलब्ध कराने के लिए व्यापक अभियान चलाने का फैसला लिया गया। अभियान के माध्यम से व्यवसायियों को ट्रेड लाइसेंस लेने के लिए जागरूक करने के साथ प्रक्रिया को भी तेज किया जाएगा।

वहीं, नगर निगम के कई वार्डों में पेयजलापूर्ति की समस्या को देखते हुए जरूरत वाले क्षेत्रों में बोरिंग कराने पर भी समिति के सदस्यों ने सहमति जताई। बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्रवाई समाप्त की गई।