जनभावनाओं के खिलाफ बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस : विवेक सिन्हा
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शनिवार को जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, प्रश्नपत्र लीक, कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति एवं अन्य जनसमस्याओं को लेकर अस्पताल चौक, बिहारशरीफ में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष विवेक सिन्हा ने की, जबकि मंच संचालन राजीव कुमार मुन्ना ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विवेक सिन्हा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है। युवाओं का भविष्य लगातार प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं से बर्बाद हो रहा है, जबकि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के कारण आम जनता को अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम लोगों पर लगातार बोझ बढ़ रहा है, जबकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रही है और आगे भी किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं एवं समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ही देश में सामाजिक न्याय, आर्थिक समृद्धि और भाईचारे को मजबूत कर सकती है। धरना-प्रदर्शन के उपरांत जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल महोदय को 43 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम के अंत में अजय कुमार पाण्डेय ने समापन संबोधन करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को और तेज करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता इंजीनियर टीपू रहमान, मीडिया प्रभारी अजीत यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विवेकानन्द पासवान, विवेक कुमार पासवान, अखिलेश्वर प्रसाद कुशवाहा, पिंटू, मीर शहाबुद्दीन, मो. इम्तियाज़ आलम, मो. उस्मान गनी, विद्यानंद कुमार, सुबोध कुमार, शिवनारायण चौधरी, मो. नाज़िम, सूर्य प्रसाद, विजय मिश्रा, मो. अरशद, सुभाष कुमार, सुरेंद्र सिंह, शिवबाल प्रसाद, मो. सरफराज मलिक, मो. हैदर आलम, तबरेज़ अहमद, प्रियंशी कुमारी, अनिल कुमार, शब्बीर (इस्लामपुर), प्रखंड अध्यक्ष शिशुपाल कुमार, बाल्मीकि यादव, बुंदेला यादव, असगर भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।
