West Bengal Election 2026 : दोपहर 1 बजे तक 62.18% वोट दर्ज, भाजपा नेता अग्निमित्रा की कार पर हमला

पश्चिम बंगाल

बीपी डेस्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान जारी है। गुरुवार को बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट पड़ रहे हैं। कुल 1 हजार 478 उम्‍मीदवार चुनावी मैदान में है। 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से अधिक मतदान केन्‍द्र स्‍थापित किए गये हैं। इनमें से सात हजार 384 मतदान केन्‍द्रों को अत्‍यधिक संवेदनशील माना जा रहा है।

इस चरण में तीन करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच है। वोटिंग 44,376 बूथों पर हो रही है, जिसमें लगभग 3,000 सहायक बूथ भी शामिल हैं। 5,444 बूथों का प्रबंधन महिलाएं करेंगी और 207 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के मतदान का दूसरा चरण अगले बुधवार को होगा। वहीं भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल की कार की पिछली खिड़की पर कथित तौर पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे वह टूट गई।

उन्होंने कहा, “जब हम आसनसोल के रहमत नगर में एक पोलिंग बूथ से बाहर निकल रहे थे, तब मेरी चलती कार पर पत्थर फेंका गया। यह बिल्कुल साफ है कि इसके पीछे कौन है। यह चुनाव को प्रभावित करने की एक कोशिश है। हमने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।”

चुनाव पर्यवेक्षक ने तृणमूल विधायक और अलीपुरद्वार से उम्मीदवार सुमन कांजीलाल को उनके समर्थकों के साथ बूथ के अंदर जाने से रोक दिया और उनसे अकेले जाने को कहा। सिउड़ी से भाजपा उम्मीदवार की तृणमूल कार्यकर्ता के बीच ज़ुबानी बहस हो गई।

भाजपा उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि वह मतदाताओं को “डरा-धमका” रही है और उन्हें पोलिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में मौजूद रहने का अधिकार नहीं है। इसके जवाब में टीएमसी कार्यकर्ता ने कहा कि वह तो बस एक दिव्यांग मतदाता को वोट डालने की प्रक्रिया में मदद कर रही थी।