- इन चयनित खिलाड़ियों को डीएसपी, दरोगा, पंचायती राज पदाधिकारी और अन्य उपयुक्त पदों पर हुई है सीधी नियुक्ति
- भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार बने पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी)
पटना, बीपी डेस्क। बिहार सरकार राज्य के खिलाड़ियों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देने के लिए ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत लगातार प्रयास कर रही है। इस योजना के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 161 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति प्रदान की गई है।
क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार बने डीएसपी
योजना के तहत भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को उनकी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर सीधी नियुक्ति दी गई है। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सरकारी सेवा में सम्मानजनक अवसर प्रदान करना है। योजना के तहत खिलाड़ियों को डीएसपी, दरोगा, पंचायती राज पदाधिकारी और अन्य उपयुक्त पदों पर सीधी नियुक्ति दी जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ सामाजिक सम्मान भी मिल रहा है।
खेल प्रतिभाओं को समग्र प्रोत्साहन
बिहार सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए व्यापक कदम उठा रही है। खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अवसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, खेल छात्रावास, उच्च स्तरीय कोचिंग, उपकरण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं। सरकारी नौकरी मिलने से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है तथा राज्य के युवाओं में खेल को करियर के रूप में चुनने की नई प्रेरणा जागृत हुई है।
कोट……..
बिहार सरकार का संकल्प है कि राज्य का कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों या भविष्य की चिंता के कारण पीछे न रह जाए। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना खिलाड़ियों के सम्मान और उनके सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है। हमारा लक्ष्य बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करना है।- श्रेयसी सिंह, खेल मंत्री, बिहार सरकार
