‘तत्पर बिहारशरीफ’ अभियान की शुरुआत, शिकायत के 4 घंटे के अंदर होगा कूड़ा उठाव

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहारशरीफ नगर निगम की ओर से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई पहल ‘तत्पर बिहारशरीफ’ की शुरुआत की गई। स्मार्ट सिटी सभागार भवन में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अनिता देवी, उप महापौर आईशा शाहीन, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यगण एवं वार्ड पार्षदगण की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ किया गया।

‘तत्पर बिहारशरीफ’ को बिहारशरीफ नगर निगम की नागरिक-केंद्रित पहल के रूप में शुरू किया गया है। अभियान के पहले चरण में शहरी क्षेत्र में कूड़ा जमा होने से संबंधित नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। निगम का लक्ष्य है कि शिकायत प्राप्त होने के चार घंटे के अंदर संबंधित स्थान से कूड़े का उठाव सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नगर निगम की सफाई शाखा के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की पालीवार जवाबदेही निर्धारित की गई है, ताकि शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई में अनावश्यक देरी न हो।

इस नई व्यवस्था के माध्यम से शहरवासी X (Twitter), Instagram और WhatsApp के जरिए कूड़ा जमा होने सहित संबंधित शिकायतों को नगर निगम प्रशासन तक आसानी से पहुंचा सकेंगे। शिकायत मिलने के बाद संबंधित सफाई टीम को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई करनी होगी। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा नागरिकों को शिकायत से समाधान तक त्वरित सेवा उपलब्ध कराना है।