सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने शनिवार (25 जुलाई) को एक्स पर पोस्ट शेयर कर अपनी बात रखी. इस मामले पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके का पहला बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि हमारी जीत हुई है. सीजेपी ने भी इसको लेकर पोस्ट शेयर की है.
अभिजीत दीपके ने कहा, ‘धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है. क्या कह रहे थे ये, इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते. हम कहते हैं, झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए. प्रधान का इस्तीफा इस बात का सबूत है कि अगर आप डरते नहीं हैं, तो जीत सकते हैं.’ केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद दीपके ने जंतर-मंतर पर जमकर जश्न मनाया. छात्रों की भीड़ ने जमकर नारेबाजी की.
दीपके ने कहा, मैं कुछ बहुत जरूरी बात कहना चाहता हूं. मुझे हीरो मत बनाओ क्योंकि धर्मेंद्र प्रधान ने आज इस्तीफा दे दिया. यह गलती मत करो. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की वजह से मुझे हीरो मत बनाओ. एक आदमी को हीरो बनाने की वजह से देश बर्बाद हो गया है.’ वहीं कॉकरोच जनता पार्टी ने पहला रिएक्शन देते हुए एक्स पर पोस्ट शेयर किया. सीजेपी ने लिखा, ‘कॉकरोज जीत गए. लोकतंत्र जीत गया. जय हिंद.’
वहीं सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, ‘अगर आप हमारी तीन मांगें लिखकर मान लें तो हम घर चले जाएंगे. हमने पूरे देश में शांति से कैंडल मार्च निकालने की परमिशन मांगी है. सभी को शाम 6:00 बजे पूरे देश में कैंडल मार्च निकालना चाहिए.’
