नालंदा: बैंक मैनेजर की पत्नी का शव फंदे से लटका मिला, सुसाइड नोट बरामद

बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहारशरीफ शहर के सोहसराय थाना क्षेत्र के आशानगर मोहल्ले में बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक के एक शाखा प्रबंधक की पत्नी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान शम्भू रजक की 35 वर्षीय पत्नी कविता कुमारी रूप में हुई है। घटना के समय वह घर में अकेली थीं, जबकि उनके दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे।

पुलिस के अनुसार, शंभू रजक की पोस्टिंग पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले में पंजाब नेशनल बैंक में मैनेजर के पद पर है। जब निर्धारित समय पर कविता बच्चों को स्कूल से लेने नहीं पहुंचीं, तो स्कूल प्रशासन ने उनके पति को फोन किया। इसके बाद पति ने पड़ोसियों से घर जाकर देखने का अनुरोध किया। पड़ोसी घर पहुंचे तो किचन में कविता का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर सोहसराय थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में लिखा है कि वह अपनी इच्छा से यह कदम उठा रही हैं और इसके लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। साथ ही बच्चों की परवरिश को लेकर चिंता भी व्यक्त की गई है।

सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।