नालंदा: बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : वेना थाना क्षेत्र के दोसुत रोड स्थित कश्मीरी चक पूनम भट्ठा के पास बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान गराई बिगहा गांव निवासी नगीना यादव के 30 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल निलेश कुमार और बिहारी कुमार का इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है।

मृतक के भाई उदयचंद ने बताया कि सुनील अपनी बहन के घर हरौल-गोधौल गया था। वहां से लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। उनका आरोप है कि बस चालक टोल टैक्स बचाने के लिए गलत दिशा से वाहन चला रहा था, जिसके कारण बाइक से सीधी टक्कर हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर वेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दो घायलों का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार बस चालक की तलाश में जुटी हुई है।