मुस्लिम लीग के दिग्गज भी कायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के

अंतर्राष्ट्रीय

सेंट्रल डेस्क। दुबई से तेल अवीव की फ्लाइट में अदम्य साहस का परिचय देने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की सराहना में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग भी कूद पड़ी है। पार्टी के दिग्गज पन्नक्कड़ सैयद मुनव्वर अली शिहाब थंगल ने उनकी हिम्मत और सूझ-बूझ को सलाम किया है। क्योंकि, फ्लाइदुबई की फ्लाईट में कैप्टन स्मित ने अपनी ड्यूटी निभाते हुए जान की बाजी लगा दी और विमान में सवार हर आदमी को सुरक्षित बचा लिया।

ऐसे समय में जब भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की जांबाजी की पूरी दुनिया कायल है, भारत में ही कुछ चर्चित लोगों की संदिग्ध चुप्पी पर सवाल भी उठ रहे हैं। लेकिन, केरल में यूडीएफ सरकार में कांग्रेस की पार्टनर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता ने साफ किया है कि उन्होंने जो हौसला दिखाया, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है।

आईयूएमएस नेता पन्नक्कड़ सैयद मुनव्वर अली शिहाब थंगल ने गुरुवार को कैप्टन स्मित मच्छार की साहस और मौके पर दिखाए गई सूझ-बूझ को खूब सराहा है। यह घटना तब हुई जब दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाइदुबई विमान के को-पायलट ने उसे क्रैश करवाने की भरपूर कोशिश की। संदिग्ध ओमानी नागरिक बताया जा रहा है। भारतीय पायलट ने आसमान में जो बहादुरी दिखाई, अपनी जिम्मेदारी के प्रति यह भावना उनके विचारों और रंगों में हमेशा से मौजूद है।

क्योंकि, उनका 2025 वाला एक पोडकास्ट भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी ड्यूटी के प्रति ऐसी बात कह दी है, जो उनके जज्बे का जीता-जागता नमूना है। कैप्टन मच्छार ने हमेशा ही प्रोफेशनल और निजी लाइफ को अलग रखा है। ड्यूटी के दौरान उन्होंने हमेशा अनुशासन का पालन किया है, वहीं पारिवारिक और सामाजिक जीवन में वे बिंदास टाइप के इंसान रहे हैं, इसलिए मुंबई के चेंबूर में स्वस्तिक हाइट्स में जहां उनका घर है, उस इलाके के लोगों की बस एक ही दुआ है कि वह जल्द पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएं।

कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना
कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना के साथ देश के कई प्रमुख मंदिरों में विशेष प्रार्थना चल रही, जिसमें सोमनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर भी शामिल हैं। गुरुवार को भारतीय पायलट को बेहतर इलाज के लिए सऊदी अरब से अबू धावी ले जाया गया। उनके शरीर पर कई गहरे घाव हैं।

गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय राजदूत ने अस्पताल जाकर उनकी सेहत की जानकारी ली। यूएई में भारतीय दूतावास ने बताया कि वो ठीक हैं और तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
39 वर्षीय स्मित मच्छार उस दिन फ्लाइदुबई की फ्लाइट संख्या FZ1073 में कैप्टन के रूप में विमान को उड़ा रहे थे।
बोइंग 737 MAX 8 का यह विमान बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रहा था।

विमान में सवार 174 यात्रियों में से अधिकतर इजरायली यहूदी थे और बताया जा रहा है कि यह एक आतंकी साजिश हो सकती है, जिसका टारगेट इजरायल था। विमान में जब ओमानी को-पायलट ने स्मित मच्छार पर हमला करके फ्लाइट का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की तो उस दौरान यह चंद सेकंड में करीब 14,000 फीट नीचे आ गया और अगले कुछ ही मिनट में क्रैश हो सकता था।

कैप्टन स्मित मच्छार ने जख्मी हालत में भी संदिग्ध को-पायलट का मंसूबा पूरा नहीं होने दिया और किसी तरह से कॉकपिट का गेट खोलकर करके मदद मांगी और आरोपी को फौरन दबोच लिया गया। बाद में जख्मी स्थिति में भी विमान में मौजूद दो अतिरिक्त पायलट की मदद से इसे सऊदी अरब के ताबुक में इमरजेंसी लैंड कराया और विमान में मौजूद सारे लोगों की जान बच गई।