नालंदा: केके विश्वविद्यालय के हॉस्टल में छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

नालंदा बिहारशरीफ

बीएससी कृषि तृतीय वर्ष की छात्रा थी मृतका, पुलिस ने शुरू की जांच

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित केके विश्वविद्यालय के हॉस्टल में बुधवार को 22 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सहरसा जिले की रहने वाली महक कुमारी के रूप में हुई है। वह विश्वविद्यालय में बीएससी कृषि तृतीय वर्ष की छात्रा थी। घटना की सूचना मिलने के बाद दीपनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों के पहुंचने और पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई बिंदुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर एवं छात्रावास में शोक का माहौल है। पुलिस की जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।