नालंदा के ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर में चोरी, पालकालीन तीन दुर्लभ मूर्तियां ले उड़े चोर

नालंदा बिहारशरीफ

भगवान विष्णु, सूर्य देव और बुद्ध की प्रतिमा चोरी, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव स्थित ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाश मंदिर का ताला और कुंडी तोड़कर लाखों रुपये मूल्य की पालकालीन तीन प्राचीन मूर्तियां चुरा ले गए। चोरी गई मूर्तियों में भगवान विष्णु, सूर्य देव तथा भगवान बुद्ध की एक खंडित प्रतिमा शामिल है। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह मिलने पर पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

गौतम बुद्ध विकास समिति के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि सुबह मंदिर की साफ-सफाई के लिए पहुंचे तो मुख्य द्वार की कुंडी टूटी मिली और ताला सीढ़ी पर पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो तीनों प्राचीन मूर्तियां गायब थीं। इसके बाद तत्काल मानपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

ग्रामीणों के अनुसार, भगवान विष्णु और सूर्य देव की प्रतिमाएं पिछले वर्ष गांव में तालाब की खुदाई के दौरान मिली थीं। ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इन्हें सुरक्षित रखने के लिए बुद्ध मंदिर में स्थापित किया गया था। चोरी हुई मूर्तियों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।