नवादा (रवीन्द्र नाथ भैया)। दुर्गा पूजा पर्व के दौरान शहर में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नवादा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। शहरी क्षेत्र में परिशांति भंग करने वाले बाइक राइडर्स और मनचलों के खिलाफ अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 28 मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान कुल 1 लाख 98 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
नवादा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान हुड़दंग करने, तेज रफ्तार से बाइक चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
