नालंदा : सोना कारोबारी से लूट, चेन और मोबाइल भी नहीं छोड़ा

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक सोना कारोबारी को निशाना बनाते हुए पिस्टल की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। दो बाइक पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने कारोबारी से ₹70 हजार नकद, सोने की चेन और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित मिथिलेश कुमार सिन्हा, निवासी रहीमपुर गांव, ने बताया कि वह रहुई बाजार स्थित स्वतंत्र गली में वर्षों से सोने-चांदी की दुकान संचालित करते हैं। मंगलवार की शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। डीहरा मोड़ से करीब 100 मीटर पश्चिम रहीमपुर जाने वाले मार्ग पर पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके बैग में रखे ₹70 हजार नकद, गले से सोने की चेन तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल डायल-112 और रहुई थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।