बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : हिलसा थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर नहीं बल्कि मारपीट कर मोटरसाइकिल लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के अंदर लूटी गई KTM मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे हिलसा थाना को मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना मिली कि भुई बाजार से पहले कृष्णा मंदिर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने एक व्यक्ति को उसकी बाइक से नीचे गिराकर घायल कर दिया और उसकी KTM मोटरसाइकिल तथा जेब में रखे 150 रुपये जबरन लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां कौशल कुमार, पिता कांग्रेस चौहान, निवासी भैंसा बिगहा, थाना हिलसा सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल हिलसा भेजा। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी कर घटना में संलिप्त तीनों आरोपियों को लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रविश कुमार (19 वर्ष), पिता श्याम किशोर यादव, अतबलचक, थाना थरथरी। पंकज कुमार (20 वर्ष), पिता मुन्ना प्रसाद, प्रह्लाद नगर, थाना नूरसराय एवं अमीत कुमार (21 वर्ष), पिता मनु प्रसाद, टेका बिगहा, थाना हिलसा शामिल है।
छापेमारी दल में पुनि सह थानाध्यक्ष चन्द्रभानु, पुअनि लाल बहादुर यादव, दीपक कुमार, नीरज कुमार, सअनि मुस्तकीम शेख सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
