नालंदा में दर्दनाक सड़क हादसा: पिता और 4 वर्षीय बेटी की मौत, 8 वर्षीय बेटा गंभीर

नालंदा

अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, पत्नी से मिलने बच्चों के साथ जा रहे थे कमलेश

बिहारशरीफ: अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के परिऔना गांव के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसकी चार वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान मेयार गांव निवासी 36 वर्षीय कमलेश कुमार और उनकी चार वर्षीय पुत्री रिवांशी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, घायल पुत्र ऋषव राज का इलाज कराया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, कमलेश कुमार अपने दोनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र स्थित तरौरा गांव जा रहे थे। उनकी पत्नी रिंकू कुमारी बिहार पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में तरौरा में रह रही हैं। कमलेश बच्चों के साथ पत्नी से मिलने जा रहे थे। परिऔना गांव के समीप प्लांट के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में कमलेश और रिवांशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋषव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी को बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने पिता-पुत्री को मृत घोषित कर दिया, जबकि ऋषव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।