बंद की घोषणा के बाद नालंदा पुलिस का शहर में फ्लैग मार्च, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक रहे मौजूद

बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई समेत विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को प्रस्तावित बिहार बंद से पहले नालंदा पुलिस और जिला प्रशासन ने शुक्रवार शाम बिहारशरीफ में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था की टोह ली । मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश देना था।

जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च श्रम कल्याण केंद्र मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों से गुजरा। सायरन बजाती पुलिस गाड़ियों और बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के बीच अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि बिहार बंद को लेकर जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून अपने हाथ में लेने, जबरन दुकानें बंद कराने, सड़क जाम करने या सरकारी एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फ्लैग मार्च में डीएसपी रंजन कुमार, रामदुलार प्रसाद, ऋषभ आनंद, संजय कुमार जायसवाल, अमरनाथ, श्याम किशोर रंजन, सार्जेंट मेजर राजमणि, थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, रंजीत कुमार रजक, शैलेश कुमार झा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।