नालंदा: चंडी में घरेलू कलह का दर्दनाक अंत: ससुर-बहू की मौत, जहरीला पदार्थ खाने से बेटे की हालत गंभीर

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : चंडी थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव में घरेलू विवाद के बीच एक ही परिवार में हुई दो मौतों से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, 62 वर्षीय विलेंदर ताती और उनकी 30 वर्षीय बहू गौरी देवी मृत पाए गए। वहीं परिवार के सदस्य रणजीत कुमार ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। वहीं परिवार के एक अन्य सदस्य ने खुद पर हमले का भी दावा किया है, हालांकि उसे मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

इस घटना के बाद पूरे बिशुनपुर गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार में हुई दो मौतों से ग्रामीण स्तब्ध हैं, जबकि गंभीर रूप से बीमार रणजीत कुमार के स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।