बीपी डेस्क। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को राजधानी पटना का सियासी तापमान चरम पर पहुंच गया।मतदान से पहले आखिरी दिन भाजपा, राजद और जन सुराज समेत सभी प्रमुख दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। जगह-जगह रोड शो, जनसंपर्क अभियान के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई। इसी दौरान पटना के सिटी सेंटर मॉल के पास चुनावी माहौल उस समय गरमा गया, जब भाजपा और राजद के रोड शो आमने-सामने आ गए।

दोनों दलों के समर्थकों की भारी भीड़ मौके पर मौजूद थी। इसी बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजद नेता तेजस्वी यादव के काफिले की ओर बड़ी संख्या में पर्चे (पंपलेट) उड़ाने शुरू कर दिए। दरअसल, एक ओर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा का रोड शो गुजर रहा था।
प्रचार रथ पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, भोजपुरी अभिनेता एवं विधान परिषद सदस्य पवन सिंह तथा विधायक संजीव चौरसिया सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे।वहीं दूसरी ओर राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रोड शो कर रहे थे। उनके साथ भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक चल रहे थे।
जैसे ही दोनों काफिले आमने-सामने पहुंचे, भाजपा कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव की ओर पंपलेट उड़ाने शुरू कर दिए। बताया गया कि मना करने के बावजूद कुछ कार्यकर्ता पर्चे उड़ाते रहे। इस दौरान पवन सिंह ने तेजस्वी को देख हाथ जोड़कर नमस्कार किया। रविशंकर प्रसाद ने भी नेता प्रतिपक्ष का अभिवादन किया।
तेजस्वी ने मुस्कुराकर हाथ हिलाए। कई पंपलेट तेजस्वी यादव तक भी पहुंच गए। हालांकि, इस दौरान तेजस्वी यादव मुस्कुराते नजर आए और उन्होंने कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी। बाद में मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा, इन लोगों की हरकतों से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। बिहार की जनता इन्हें पहले ही नकार चुकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि बांकीपुर की जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी।
आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन
गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव प्रचार मंगलवार शाम को निर्धारित समय पर समाप्त हो जाएगा। इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंककर चुनावी मुकाबले को और अधिक रोचक बना दिया है।
