नालंदा में उद्योग वार्ता का आयोजन, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर डीएम ने दिए निर्देश

नालंदा

— 12 TPH क्षमता के CBG प्लांट एवं कोल्ड चेन युक्त मल्टी-लेवल वेयरहाउस के लिए BIADA भूमि आवंटन की मांग

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को समाहर्ता कार्यालय में जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में ‘उद्योग वार्ता’ का आयोजन किया गया। बैठक का संचालन जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक धनजी कुमार ने किया। नालंदा चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों, प्रमुख औद्योगिक प्रतिनिधियों एवं स्थानीय उद्यमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जिले के औद्योगिक परिदृश्य को सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया।

उद्यमियों द्वारा उठाई गई प्रमुख मांगें एवं मुद्दे

नालंदा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनिल अकेला ने नालंदा जिले के उद्यमियों एवं उद्योग जगत से जुड़ी बुनियादी समस्याओं, प्राथमिकताओं और भावी योजनाओं को जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से रखा।

  1. BIADA भूमि की उपलब्धताः जिले में 12 TPH (टन प्रति घंटा) क्षमता का अत्याधुनिक सीबीजी (Compressed Bio-Gas) प्लांट स्थापित करने तथा कृषि व औद्योगिक उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए कोल्ड चेन सुविधा से युक्त मल्टी-लेवल वेयरहाउस (Multi-Level Warehouse with Cold Chain) के निर्माण के लिए बियाडा (BIADA) की उपयुक्त भूमि शीघ्र आवंटित करने का आग्रह किया गया।
  2. बिजली आपूर्ति में सुधारः औद्योगिक इकाइयों के सुचारू संचालन हेतु निर्बाध, स्थिर और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, जिससे उत्पादन लागत में कमी आ सके।
  3. यातायात एवं जाम की समस्या का निदानः- शहर और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से कच्चे माल और तैयार उत्पादों के परिवहन में हो रही देरी को देखते हुए सुगम यातायात व्यवस्था बनाने की मांग की गई।

जिलाधिकारी की पहल व निर्देश

चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों, समस्याओं व सुझावों को अत्यंत गंभीरता से सुना। उन्होंने बैठक में ही उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि उद्यमियों की व्यावहारिक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और समयबद्ध निवारण किया जाए। साथ ही बियाडा भूमि आवंटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मामलों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक धनजी कुमार, नालंदा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनिल अकेला, उद्योग विस्तार पदाधिकारी (EDO) अमरिंदर भूषण प्रसाद, चैंबर ऑफ कॉमर्स के बैंकिंग एवं उद्योग प्रभारी अजय गुप्ता सहित संगठन के अन्य वरीय पदाधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमी तथा संबंधित विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।