नालंदा: पुलिस केंद्र में एसपी ने कराई परेड, वर्दी में एकरूपता पर दिया जोर

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा के पुलिस अधीक्षक हृदय कांत द्वारा रविवार को पुलिस केंद्र, नालंदा में पुलिसकर्मियों की परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन और वर्दी में एकरूपता का निरीक्षण किया गया। एसपी ने बेहतर टर्नआउट बनाए रखने तथा पुलिसकर्मियों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन और निर्धारित मानकों के अनुरूप उनकी उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। एसपी ने कहा कि पुलिस बल की कार्यप्रणाली में अनुशासन और एकरूपता महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मी निर्धारित नियमों का पालन करें।

परेड समाप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस केंद्र स्थित बैरक एवं मेस का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की साफ-सफाई, व्यवस्था और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित पदाधिकारियों को व्यवस्था में आवश्यक सुधार एवं साफ-सफाई बनाए रखने को लेकर निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक-रक्षित एवं सार्जेंट मेजर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।