बजट सत्र से पहले नीट छात्रा की मौत पर भाई वीरेंद्र बोले- पूरी जवाबदेही सरकार की बनती है…

पटना

बीपी डेस्क। बिहार में आज (सोमवार) से बजट सत्र की शुरुआत हो रही है. सदन में जाने से पहले आरजेडी के विधायक भाई वीरेंद्र ने पटना में हुई नीट छात्रा की मौत पर एक बड़ी मांग कर दी. उन्होंने मीडिया से कहा कि बिहार में नीट छात्रा के साथ जिस तरह से घटना हुई है आप उसको हाईलाइट करें और जो लोग उसमें शामिल हों उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए.

अगर सजा नहीं मिली तो हमारी बहू-बेटी और आपकी बहू-बेटी के साथ ऐसा ही होगा जो नीट छात्रा के साथ हुआ. पत्रकारों के इस सवाल पर कि इस मामले पर क्या गृह मंत्री की जवाबदेही नहीं बनती है? इस पर भाई वीरेंद्र ने कहा, “देखिए पूरी जवाबदेही सरकार की बनती है. पूरी सरकार कटघरे में है. सरकार कटघरे में खड़ा होती है तो उसको जवाब देना चाहिए.”

बजट से लाभ मिलने वाला नहीं: भाई वीरेंद्र
दूसरी ओर बजट सत्र पर आरजेडी विधायक ने कहा, “जब केंद्र के बजट से जनता को कोई लाभ नहीं हुआ तो बिहार के बजट से क्या होगा वो तो कल (मंगलवार) पता चलेगा जब बजट पेश होगा. हमको लगता है ये सरकार घिसा-पिटा बजट लाएगी जिससे ना नौजवानों को, ना किसानों को, ना छात्रों को, ना महिलाओं को, किसी को लाभ नहीं मिलने वाला है.”

आम बजट के बाद दवाएं सस्ती हो गई हैं. इस पर उन्होंने कहा कि सारी दवाएं बाजार में नकली मिल रही हैं. बड़े-बड़े नेताओं की फैक्ट्री है, चाहे वो बिहार के बड़े नेता हों या बाहर के नेता हों. सबकी कंपनियां दो नंबर की दवाई चला रही है.

सोमवार को तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर सदन पहुंचे. उन्हें पैर के अंगूठे में चोट लगी है. इस पर भाई वीरेंद्र से कहा गया कि बीजेपी के नेता कह रहे हैं कि वे (तेजस्वी) फिर से सदन नहीं आएंगे. भाई वीरेंद्र ने जवाब दिया कि मान लीजिए कि मेरी तबीयत खराब हो जाए, अगर हम सदन न आएं तो ये बहाना नहीं है. सही में उनको (तेजस्वी यादव) चोट लगी है. मैंने देखा है. मैं गया था मिलने. उनके अंगूठे का ऑपरेशन हुआ है. निश्चित रूप से वे आएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *