बिहारशरीफ नगर निगम बोर्ड बैठक में भारी हंगामा, विकास राशि को लेकर पार्षदों में तीखी नोकझोंक

नालंदा बिहारशरीफ

गार्ड बुलाने तक पहुंचा मामला, वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहारशरीफ नगर निगम बोर्ड की बैठक गुरुवार को भारी हंगामे और पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक के कारण बीच में ही स्थगित करनी पड़ी। विकास योजनाओं की राशि के बंटवारे को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एक पार्षद को बाहर निकालने के लिए गार्ड बुलाने पड़े। अंततः नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने बैठक स्थगित कर दी।

बैठक में मेयर अनीता देवी, उपमेयर आयशा शाहीन और नगर आयुक्त मौजूद थे। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली बैठक में एजेंडा संख्या तीन, यानी विकास मद की योजना राशि के वितरण पर चर्चा शुरू होते ही विवाद गहरा गया। एक पक्ष सभी वार्डों में समान राशि देने की मांग कर रहा था, जबकि दूसरा पक्ष पूर्व निर्धारित योजना को यथावत पारित करने के पक्ष में था।

हंगामे के दौरान एक सदस्य के कथित अमर्यादित व्यवहार पर मेयर ने उन्हें बैठक से निष्कासित करने का प्रस्ताव रखा। नगर आयुक्त के निर्देश पर गार्ड बुलाए गए, जिसका दूसरे गुट ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर एजेंडे पर मतदान कराया गया। मेयर अनीता देवी ने दावा किया कि 42 उपस्थित सदस्यों में से 25 के बहुमत से प्रस्ताव पारित हो गया। वहीं नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने कहा कि मामले में अभी असमंजस की स्थिति है और बैठक की वीडियो रिकॉर्डिंग देखने के बाद ही अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

लगातार हंगामे के कारण एजेंडा संख्या पांच और उसके बाद के सभी महत्वपूर्ण प्रस्ताव अगली बैठक तक स्थगित कर दिए गए। इनमें जलजमाव की समस्या, पीएफ भुगतान, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, नई लाइटों की खरीद, विद्यालयों के लिए पुस्तकालय सामग्री की खरीद सहित कई अहम मुद्दे शामिल थे।