BSSC परीक्षा फॉर्म भरे तीन साल बीत जाने के बाद भी आयोजित नहीं हुई परीक्षा, अभ्यर्थियों ने पटना में किया उग्र प्रदर्शन

पटना

प्रभात कुमार। BSSC परीक्षा फॉर्म भरने के करीब तीन साल बाद भी परीक्षा नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को पटना में तेज हो गया. जेपी गोलंबर पर पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोका, तो कई अभ्यर्थी गांधी मैदान गेट नंबर 10 के सामने स्थित फ्लाईओवर के रास्ते विधानसभा की ओर बढ़ने लगे. इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र फ्लाईओवर पर पहुंच गये. अभ्यर्थी सीएम आवास को घेरने जा रहे हैं.

कई छात्र गर्दनीबाग के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए हैं. छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए फ्लाईओवर पर भी पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी. रास्ते को रस्सी से घेर दिया गया, जिसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच आगे बढ़ने को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. पुलिस ने छात्रों को फ्लाईओवर के बीच में ही रोक दिया. अभ्यर्थियों को रोकने के लिए पटना एसएसपी भी फ्लाईओवर पर चढ़े दिखाई दिए.

प्रदर्शन को देखते हुए डाकबंगला चौराहा और आर ब्लॉक इलाके में भी भारी पुलिस बल तैनात रहा. पुलिसकर्मी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और ढाल समेत दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ मुस्तैद रहे. राजधानी के प्रमुख रास्तों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ायी गयी है. गांधी मैदान के गेट नंबर 12 से शुरू हुआ छात्रों का प्रदर्शन जेपी गोलंबर तक पहुंचा. वहां रोके जाने के बाद अभ्यर्थियों ने वैकल्पिक रास्ते से आगे बढ़ने की कोशिश की.

छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए विधानसभा की ओर जाना चाहते हैं. फ्लाईओवर और प्रमुख रास्तों पर पुलिस की रोक के बीच कुछ छात्र गर्दनीबाग के पास रेलवे ट्रैक की ओर भी पहुंच गये. आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी लगातार आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें अलग-अलग स्थानों पर रोक रही है.